![CM Hemant Soren invited investors to visit Jharkhand in Bengal Global Business Summit](https://newsboat.in/wp-content/uploads/2025/02/HEMANT-SORENJPG-780x470.jpg)
रांची/कोलकाता :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (HEMANT SOREN) ने बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट-2025 के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेते हुए निवेशकों को झारखंड में निवेश करने का आमंत्रण दिया। कोलकाता के न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस दो दिवसीय समिट में देश-विदेश के कई गणमान्य व्यक्ति, उद्योगपति और निवेशक शामिल हुए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की।
CM हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा, “आज तकनीकी बदलाव की रफ्तार तेज है, ऐसे में एक मजबूत और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए राज्यों के बीच बेहतर संबंध, समन्वय और भागीदारी जरूरी है। ग्लोबल बिजनेस समिट जैसे आयोजन इस दिशा में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इससे राज्यों के बीच व्यापारिक रिश्ते मजबूत होते हैं और निवेश व नई टेक्नोलॉजी के जरिए विकास के नए अवसर पैदा होते हैं।”
झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएं
CM हेमंत सोरेन ने निवेशकों से झारखंड में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा, “इस समिट में देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और निवेशकों से मिलने का मौका मिला। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि निवेशकों के सहयोग से झारखंड के समग्र विकास को कैसे गति दी जा सकती है। मैं इसी उम्मीद के साथ बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट-2025 में आए सभी उद्यमियों और निवेशकों को झारखंड आने का न्यौता देता हूं। आप यहां निवेश करें, ताकि झारखंड विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ सके।”
देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड का अहम रोल
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश का एक ऐसा राज्य है, जहां देश का लगभग 40 प्रतिशत खनिज संसाधन पाया जाता है। कई खनिज एवं उद्योगों के लिए जरूरी रॉ मैटेरियल्स का झारखंड सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। ऐसे में देश की अर्थव्यवस्था में यह राज्य अहम भूमिका निभाता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां कई खनिज आधारित उद्योग लंबे समय से स्थापित हैं। कई औद्योगिक घरानों ने यहां निवेश किया है। लेकिन, वर्तमान परिवेश में इस राज्य को और आगे ले जाने की जरूरत है। इसके लिए यहां नए-नए उद्योग लगे, इसके लिए नए सिरे से पहल कर रहे हैं।
खनिजों के अलावा अन्य सेक्टर में भी अपार संभावनाएं
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में खनिज आधारित उद्योगों के साथ-साथ कला-संस्कृति एवं पर्यटन जैसे अनेकों क्षेत्र में विकास और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। झारखंड देश का सबसे ज्यादा तसर उत्पादक राज्य है, ऐसे में टेक्सटाइल क्षेत्र में भी यह राज्य आगे बढ़ सकता है। कला- संस्कृति के मामले में झारखंड की गिनती समृद्ध राज्यों में होती है । यहां के नेचुरल ब्यूटी को देखते हुए पर्यटन के क्षेत्र में भी झारखंड निवेशकों की पहली पसंद बन सकता है। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि आप झारखंड आएं, सरकार आपको पूरा सहयोग करेगी।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में कई गतिविधियां एक जैसी
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल एक- दूसरे से काफी करीब हैं। इन दोनों ही राज्यों में चल रही कई गतिविधियां एक जैसी ही है। ऐसे में यह बताना मुश्किल है कि कौन गतिविधि झारखंड और कौन बंगाल की है । दोनों ही राज्य कई मामलों में एक जैसी गतिविधियों के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। इस तरह की पहल से दोनों ही राज्यों के समग्र विकास का नया रास्ता खुल रहा है।
CM Hemant Soren invited investors to visit Jharkhand in Bengal Global Business Summit